मुकेरियां : पंजाब में अमन क़ानून की स्थिति बहुत ही ख़राब हो चुकी है जिस कारण पंजाब का आम नागरिक डर के माहौल में जीने को विवश है। उक्त विचार प्रकट करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व समिति मैंबर शम्भू नाथ भारती मोजोवाल ने कहा कि आए दिन गोलीबारी की घटनाएँ आम बात हो गई है।मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब की व्यवस्था परिवर्तन करने का वादा करके सत्ता में आए थे परन्तु ऐसा प्रतीत होता है कि पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं है। मुख्यमंत्री पंजाब को भगवान के भरोसे छोड़ कर बाहरी प्रदेशों में पार्टी का प्रचार करने में व्यस्त रहते हैं। उनके दिल्ली के दौरों से और बाहरी प्रदेशों के दौरों से फ़ुरसत मिले तब ही वह पंजाब की बिगड़ी हुई व्यवस्था पर ध्यान दे सकते हैं। भारती ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि आपने जो पंजाब की जनता की सेवा करने की संवैधानिक शपथ ली है उसे पूरा करते हुए अपने राज धर्म का ईमानदारी से निर्वाह करें और पंजाब की क़ानून व्यवस्था को दुरुस्त करें।







