27 अक्टूबर से जालंधर में हॉकी का महाकुंभ, मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे उद्घाटन

Hockey Mahakumbh to begin in Jalandhar from October 27, Chief Minister Bhagwant Mann to inaugurate

by Sandeep Verma
0 comment
Trident News
Trident News Trident News

जालंधर  : एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी चैंपियनशिप 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 27 अक्टूबर से जालंधर में शुरू होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट हॉकी प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगा। वीरवार को हॉकी पंजाब के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन कोहली ने पंजाब सरकार के खेल एवं युवा सेवाएं विभाग के अधिकारी वरुण रूजम के साथ सुरजीत हॉकी स्टेडियम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की।निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन कोहली ने कहा कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पंजाब के लिए गर्व की बात है। यह प्रतियोगिता प्रदेश की समृद्ध हॉकी विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर में होगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे, जबकि इसका समापन 5 नवंबर को मोहाली में होगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और मलेशिया सहित कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों से हॉकी प्रेमियों को उच्च स्तरीय खेल देखने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन के जरिए जालंधर की हॉकी से जुड़ी पुरानी पहचान और पंजाब की खेल संस्कृति को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

नितिन कोहली ने कहा कि सुरजीत हॉकी स्टेडियम में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और भारतीय हॉकी टीम ने भी यहां अभ्यास शुरू कर दिया है। अन्य देशों की टीमें भी अपने मुकाबलों से पहले जालंधर पहुंचेंगी।

IMG 20261022 160425

दर्शकों के लिए मैचों की एंट्री रहेगी मुफ्त : हॉकी प्रेमियों को बड़ी राहत देते हुए नितिन कोहली ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा। लोग मैच देखने के लिए ऑनलाइन डिजिटल पास प्राप्त कर सकते हैं। जिन लोगों को ऑनलाइन पास लेने में परेशानी होती है, वे पंजीकरण और पास संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए अपना वैध पहचान पत्र लेकर स्टेडियम में संपर्क कर सकते हैं।

जालंधर और मोहाली में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाली पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता के लिए पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने भारत आने से इनकार करते हुए सुरक्षा चिंताओं और दोनों देशों के बीच तनाव का हवाला दिया है। उसने अपने मुकाबले किसी तटस्थ स्थान पर करवाने की मांग की थी, लेकिन हॉकी इंडिया ने आयोजन स्थल बदलने की मांग स्वीकार नहीं की। इस तरह पाकिस्तान के हॉकी टूर्नामेंट से हटने का मामला क्रिकेट के पुराने विवाद से जुड़ी व्यापक राजनीतिक पृष्ठभूमि तो रखता है, लेकिन इसका तात्कालिक कारण सुरक्षा और आयोजन स्थल को लेकर असहमति है।

कोहली और वरुण रूजम ने स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों और हॉकी प्रेमियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। उन्होंने लोगों से अपने परिवारों के साथ मैच देखने आने का भी आग्रह किया, ताकि बच्चों और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को करीब से खेलते देखने का मौका मिल सके।उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े खेल आयोजनों से बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें भविष्य में हॉकी को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखकर युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित हो सकते हैं।

सभी टीमों का उत्साह बढ़ाने की अपील : नितिन कोहली और वरुण रूजम ने लोगों से अपील की कि वे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों का उत्साह बढ़ाएं और इस आयोजन को जालंधर तथा पूरे पंजाब के लिए यादगार बनाएं।

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 स्थानीय निवासियों को अपने ही शहर में अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबले देखने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। इसके साथ ही यह प्रतियोगिता जालंधर की हॉकी विरासत, खेल सुविधाओं और पंजाब की खेल संस्कृति को देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों एवं दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बनेगी।

Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News
Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News

You may also like

Leave a Comment

2022 The Trident News, A Media Company – All Right Reserved. Designed and Developed by iTree Network Solutions +91 94652 44786

You cannot copy content of this page