
जालंधर : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज 42वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के समापन समारोह में शिरकत करते हुए कहा कि पंजाब सरकार राज्य को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार समर्पित प्रयास कर रही है।यहां ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में संबोधन करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए जहां खेल क्षेत्र के बजट में ऐतिहासिक वृद्धि करते हुए इस साल 990 करोड़ रुपये का बजट रखा, वहीं ओलंपिक और एशियाई खेलों में जाने वाली टीमों को डाइट मनी पहले प्रदान करने की पहलकदमी की। चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेल क्रांति लाने के लिए खेल बुनियादी ढांचे के मजबूतीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए राज्य में 3000 खेल मैदान बनाए जा रहे है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ‘खेड़ा वतन पंजाब दीयां’ के माध्यम से युवाओं को खेलने के लिए बेहतरीन मंच प्रदान किया है और पंजाब के युवा भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में मेडल हासिल कर रहे है। उन्होंने कहा कि मैदान में युवाओं का जोश इस बात का गवाह है कि पंजाब रंगला पंजाब की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है चीमा ने युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए खेलों को अत्यंत कारगर बताते हुए कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।सुरजीत हॉकी सोसाइटी के लिए 25 लाख रुपये की राशि का ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने हॉकी के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी पैदा करने के लिए अकादमी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रबंधकों ने महान ओलंपियन सुरजीत सिंह की विरासत को जीवित रखने के साथ-साथ राष्ट्रीय खेल की प्राचीन शान को बहाल करने के उद्देश्य से महान लहर की नींव रखी है।इसके बाद वित्त मंत्री द्वारा स्पॉन्सर्स का सम्मान करने के अलावा समागम के दौरान गिद्दा और भांगड़ा की प्रस्तुति देने वाले सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल करतारपुर के विद्यार्थियों का मनोबल भी बढ़ाया गया।इसके बाद चीमा ने खिताबी मुकाबला खेलने वाली इंडियन ऑयल मुंबई और भारतीय रेलवे दिल्ली की टीमों के खिलाड़ियों से जान-पहचान की।इससे पहले डिप्टी कमिश्नर डा.हिमांशु अग्रवाल, जो सुरजीत हॉकी सोसाइटी के प्रधान भी है, ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और अन्य शख्सियतों का टूर्नामेंट में पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट, जो महान ओलंपियन सुरजीत सिंह की याद में करवाया जाता है, में शीर्ष टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम में योगदान देते हुए इस टूर्नामेंट के माध्यम से रंगला पंजाब के सपने को साकार किया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने वित्त मंत्री द्वारा पहले प्रदान की गई ग्रांट के लिए स्टेडियम में फ्लड लाइट्स सहित करवाए गए अन्य कार्यों के लिए उनका धन्यवाद भी किया।इस मौके पर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू, सीनियर आप नेता राजविंदर कौर थियाडा, नितिन कोहली, दिनेश ढल्ल, इंडियन ऑयल से कार्यकारी निदेशक आशुतोष गुप्ता, रिटेल हेड प्रदीप सचदेवा, सुरजीत हॉकी सोसाइटी के सी.ई.ओ. इकबाल सिंह संधू, ओलंपियन सुरजीत सिंह सोढ़ी, सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू, गुरमेल सिंह, राजवीर कौर, लखविंदरपाल सिंह, दीपक ठाकुर, विवेक चौहान सहित अन्य नामवर खिलाड़ी मौजूद थे।