
जालंधर : आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल के लुधियाना दौरे के दौरान अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने पंजाब स्टेट पावर कॉपोर्रेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के गेस्ट हाउस में उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पंजाब की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, राज्य में जारी विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अश्वनी अग्रवाल ने मुलाकात के दौरान पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कई क्षेत्रों में सकारात्मक पहल की है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं को लोगों तक अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के प्रयास दिखाई दे रहे हैं तथा विकास कार्यों को और अधिक गति देने की आवश्यकता है।
अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सुधार की दिशा में काम किया है और आने वाले समय में इन योजनाओं का लाभ और व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि जनहित और विकास आधारित नीतियों के माध्यम से पंजाब दिन-प्रतिदिन प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इसके साथ ही वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकतार्ओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा विकास आधारित राजनीति के माध्यम से जनता का विश्वास और मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जमीनी स्तर पर संवाद बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।मुलाकात के उपरांत अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि यह मुलाकात बेहद सार्थक और सकारात्मक रही तथा इसमें पंजाब के विकास, जनकल्याण और संगठन को मजबूत करने को लेकर उपयोगी सुझावों और भविष्य की रणनीति पर गंभीर चर्चा हुई।इस मौके पर अश्वनी अग्रवाल द्वारा विशेष तौर पर अरविन्द केजरीवाल को श्री बाला जी का चित्र सप्रेम भेंट कर सम्मानित भी किया गया।