

फगवाड़ा/जालंधर : पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सरदार प्रताप सिंह बाजवा ने विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर फगवाड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध शिरोमणि श्री विश्वकर्मा मंदिर में नतमस्तक होकर माथा टेका और सरबत के भले, पंजाब की खुशहाली तथा प्रदेश की तरक्की के लिए अरदास की। इस मौके पर फगवाड़ा के विधायक सरदार बलविंदर सिंह धालीवाल ने मंदिर पहुंचने पर दोनों नेताओं का स्वागत किया।
इस अवसर पर सरदार परगट सिंह ने कहा कि भगवान बाबा विश्वकर्मा जी का समाज में अत्यंत पूजनीय स्थान है। उन्हें निर्माण, शिल्पकला, तकनीकी कौशल और सृजन का प्रतीक माना जाता है। बाबा विश्वकर्मा जी की शिक्षाएं हमें मेहनत, हुनर, लगन और अपने कार्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती हैं। देश और पंजाब की औद्योगिक तरक्की में कारीगरों, श्रमिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और छोटे कारोबारियों का बेहद महत्वपूर्ण योगदान है। इनके परिश्रम से ही उद्योग और अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर उद्योग जगत की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक अलग और व्यापक औद्योगिक नीति बनाई जाएगी। विशेष रूप से छोटे और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहित करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने, कारोबारियों की समस्याओं का समाधान करने और पारंपरिक उद्योगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। कांग्रेस का लक्ष्य पंजाब को फिर से देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में शामिल करना है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सरदार प्रताप सिंह बाजवा ने भी कहा कि पंजाब की आर्थिक मजबूती के लिए जरूरी है कि उद्योगपतियों, छोटे कारोबारियों, कारीगरों और श्रमिकों को अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाया जाए। उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने से युवाओं को रोजगार मिलेगा और पंजाब की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
अंत में दोनों नेताओं ने विश्वकर्मा दिवस की समस्त पंजाबवासियों, विशेषकर कारीगरों, श्रमिकों, उद्यमियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं दीं तथा सभी को बाबा विश्वकर्मा जी द्वारा दिखाए गए मेहनत, हुनर और सृजन के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।