

जालंधर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज जालंधर की पवित्र धरती से देशव्यापी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के मद्देनजर उनकी शाश्वत शिक्षाओं को सात राज्यों और 47 शहरों के हर घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से समर्पित है।
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ नेता तरुण चुघ और प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में यात्रा को रवाना करने से पहले नितिन नबीन ने डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेककर संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद लिया। भगवान वाल्मीकि जी, श्री गुरु रविदास जी महाराज और महान गुरु साहिबानों के समक्ष नतमस्तक होने के बाद श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मभूमि पटना साहिब से संबंध रखने वाले श्री नबीन ने ‘सत श्री अकाल’ कहकर संगत का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संत समाज के आशीर्वाद से यह यात्रा त्याग, भाईचारे और समानता के संदेश के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एकजुट करेगी।
➖ *गुरु रविदास जी की विरासत का सम्मान*
गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई, 2026) के दिन काशी से कलश वंदना यात्राओं के साथ शुरू हुए इस अभियान के देशव्यापी विस्तार का उल्लेख करते हुए श्री नवीन ने समाज के हर वर्ग की माताओं, बेटियों और नागरिकों का धन्यवाद किया, जो गुरु जी की वाणी को घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु रविदास जी की विरासत को अभूतपूर्व सम्मान दिया है। इसमें आदमपुर हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखना, संत निरंजन दास जी को पद्मश्री से सम्मानित करना, मध्य प्रदेश के सागर में 101 करोड़ रुपये की लागत से भव्य मंदिर का निर्माण और काशी में उनके जन्मस्थान पर सुविधाओं का विस्तार करना शामिल है।
श्री गुरु रविदास जी के ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न’ के आदर्श से प्रेरणा लेते हुए श्री नवीन ने कहा कि मोदी सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन और पीएम-अजय जैसी योजनाओं के माध्यम से हर गरीब और सुविधाओं से वंचित परिवार को सशक्त बना रही है, ताकि पिछड़े वर्गों के युवा भी डॉक्टर और इंजीनियर बन सकें।
➖ ‘ *आप’ सरकार पर तीखा हमला: ‘मुख्यमंत्री केजरीवाल के एटीएम के रूप में काम कर रहे हैं’*
पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला करते हुए नितिन नबीन ने ऐलान किया कि ‘आप’ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्याग, मेहनत और वीर सैनिकों की धरती पंजाब के साथ राज्य सरकार ने विश्वासघात किया है और यहां के युवाओं को नशे, बेरोजगारी और मजबूरी में पलायन की ओर धकेल दिया है।
➖ नशा मुक्त पंजाब का वादा टूटा: उन्होंने कहा, “उन्होंने पंजाब को नशा मुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन अंत में उसी संकल्प को बर्बाद कर दिया। नशे के खिलाफ लड़ने के बजाय यह सरकार पंजाब के युवाओं के खिलाफ लड़ रही है, जबकि भाजपा अपने ‘नशा मुक्त अभियान’ को निर्णायक सफलता दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
➖ *कानून-व्यवस्था और उद्योगों का पतन: उद्योगों के बंद होने और रोजगार के अवसर खत्म होने की ओर इशारा करते हुए श्री नवीन ने कहा कि आज पंजाब की सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि अपराधियों और गैंगस्टरों के राज में पुलिस कर्मचारी और पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं, जबकि महिलाओं को बुनियादी सुरक्षा भी नहीं मिल रही है।*
➖ *केजरीवाल का एटीएम और ‘करोड़पति’ का दिखावा: मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “पंजाब में कानून का राज नहीं है, बल्कि अरविंद केजरीवाल की जेबें भरने के लिए कानून बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जी, आपने खुद को केजरीवाल का एटीएम बनने दिया है और ‘बदलाव’ के नाम पर लोगों का पैसा लूटा जा रहा है।”*
➖*राज्य सरकार के प्रचार आधारित ‘करोड़पति’ कार्यक्रम पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों युवाओं को बेरोजगार छोड़ने और राज्य को आर्थिक रूप से कंगाल करने के बाद, जिस सरकार को हाईकोर्ट द्वारा बार-बार फटकार लगाई जा रही है, वह वास्तविक रोजगार पैदा करने के बजाय एक युवा को करोड़पति बनाने का दिखावा कर रही है।*
➖ *आपातकाल, 1984 के सिख नरसंहार और राहुल गांधी की विदेशी टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस पर हमला*
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री नितिन नबीन ने कहा कि जो पार्टी संविधान की रक्षा करने का दावा करती है, उसी ने आपातकाल के दौरान संविधान को तार-तार किया और पंजाब को गहरे जख्म दिए।
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर, 1984 को, जिस दिन सिखों का नरसंहार हुआ था, कांग्रेस नेताओं ने उसी दिन रामलीला मैदान में रैली की थी। उन्होंने कहा, “लोग उस दिन को नहीं भूले हैं और इसका जवाब देंगे।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला करते हुए श्री नबीन ने प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक पहुंच, भारत में निवेश लाने और देश का गौरव बढ़ाने के प्रयासों की तुलना राहुल गांधी के उन भाषणों से की, जिनमें उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों में विदेशी धरती पर भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, “एक तरफ विश्व बैंक, आईएमएफ और विश्व आर्थिक मंच भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना कर रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ राहुल गांधी दावा कर रहे हैं कि भारत विनाश की ओर बढ़ रहा है। विनाश भारत में नहीं, बल्कि राहुल गांधी की सोच में है, क्योंकि उनका परिवार और पार्टी सिमट रहे हैं, जबकि 140 करोड़ भारतीय और हमारी महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।”
➖ *सुरक्षित, नशा मुक्त और ‘विकसित पंजाब’ के लिए संकल्प*
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा नीति का उल्लेख करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि देश को धमकी देने वालों को भारत ‘ईंट का जवाब पत्थर से’ देता है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों को देश के अंतिम गांव नहीं, बल्कि देश के पहले गांव माना जाता है। नितिन नबीन ने पंजाब के लोगों से भाजपा और एनडीए को आशीर्वाद देने की अपील की। उन्होंने कहा, “जब पंजाब सुरक्षित, खुशहाल और विकसित बनेगा, तभी भारत 2047 तक विकसित भारत बनने का लक्ष्य हासिल कर सकेगा।”उन्होंने यह बात ‘जो बोले सो निर्भय, श्री गुरु रविदास महाराज की जय’ के गूंजते जयकारों के बीच कही।
➖*गुरु रविदास जी की विचारधारा सर्व-साझेदारी का मार्ग: केवल सिंह ढिल्लों*
इस अवसर पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने अपने संबोधन में कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज की पावन वाणी और उनके महान उपदेश संपूर्ण मानवता को सामाजिक समानता, आपसी प्रेम, भाईचारे, साझीवालता और मानवीय सम्मान का संदेश देते हैं।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार गुरु साहिब की इसी विचारधारा से प्रेरित होकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग, विशेषकर गरीबों, पिछड़े और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी से जुड़े पवित्र स्थलों का विकास, संगतों के लिए सुविधाएं और गुरु साहिब के नाम से जुड़े विकास कार्य उनके प्रति सम्मान को और मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास जी महाराज के नाम पर रखना गुरु साहिब की विचारधारा, उनके महान दर्शन और पंजाब की संगतों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि यह यात्रा कोई राजनीतिक प्रयास नहीं, बल्कि गुरु साहिब की विचारधारा को पंजाब के हर घर और हर वर्ग तक पहुंचाने का श्रद्धापूर्ण प्रयास है। अगले पांच दिनों के दौरान पंजाब के विभिन्न शहरों और क्षेत्रों में यह यात्रा सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देगी।
➖*3 दिसंबर को वाराणसी में संपन्न होगी यात्रा: लाल सिंह आर्य*
इस अवसर पर अपने संबोधन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने यात्रा का विवरण साझा करते हुए बताया कि जालंधर से शुरू हो रही यह यात्रा 2,558 किलोमीटर का सफर तय करके 3 दिसंबर को गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी पहुंचकर संपन्न होगी। यह यात्रा पंजाब में पांच दिनों के दौरान 17 जिलों से होकर गुजरेगी और लगभग 700 किलोमीटर का सफर तय करेगी।उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 78 वर्ष हो चुके हैं। इन वर्षों के दौरान गुरु रविदास जी की 600वीं और 625वीं और जयंती आई, लेकिन जिन गुरु रविदास जी ने मानव कल्याण और सद्भावना का संदेश दिया, उनकी स्मृति में आयोजन करने का विचार किसी भी सरकार को नहीं आया।उन्होंने कहा कि मैं यहां बताना चाहता हूं कि गुरु पूर्णिमा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे वर्ष चलने वाला यह कार्यक्रम पांच चरणों में आयोजित किया जा रहा है।
➖*यात्रा से पहले संतों का लिया आशीर्वाद*
यात्रा शुरू करवाने से पहले नितिन नबीन पंजाब की समस्त लीडरशिप के साथ डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे और उन्होंने डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव रायपुर-रसूलपुर पहुंचे, जहां संगतों की एक बड़ी सभा आयोजित की गई थी।मंच पर पहुंचने से पहले उन्होंने बड़ी संख्या में पहुंचे संतों-महापुरुषों के साथ बैठकर प्रसादा ग्रहण किया और उनका आशीर्वाद लिया। मंच पर गुरु रविदास जी की विशाल तस्वीर के समक्ष उन्होंने माथा टेका तथा मंच पर विराजमान संतों-महापुरुषों से भी आशीर्वाद लेकर अपना संबोधन किया।
➖*कौन-कौन रहे उपस्थित*
इस अवसर पर मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पंजाब मामलों के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा, अलका गुर्जर, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, विजय सांपला, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, अविनाश राय खन्ना (सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष), संदीप पाठक, सतनाम सिंह संधू (राज्यसभा सांसद), राजेश बग्गा, अनिल सरीन, रजनीश धीमान, परमिंदर बराड़ (सभी महासचिव), पंजाब एससी मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल, चरणजीत सिंह अटवाल, सुशील रिंकू, अविनाश चंद्र, अशोक सरीन सहित कई अन्य नेता उपस्थित थे।