

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को चंडीगढ़ दौरे की संभावना को देखते हुए यूटी प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से अभी तक कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन ने संभावित उद्घाटन और लोकार्पण परियोजनाओं की सूची तैयार करने का काम तेज कर दिया है।
शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं की सूची जल्द ही पीएमओ को भेजी जाएगी, जिसके बाद अंतिम कार्यक्रम तय होगा। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का मुख्य सार्वजनिक कार्यक्रम सेक्टर-14 स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित किया जा सकता है।
संभावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पीजीआई चंडीगढ़ में तैयार दो बड़े स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन कर सकते हैं। इनमें सबसे प्रमुख एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर और मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर शामिल हैं।
एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर शुरू होने के बाद न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और मस्तिष्क संबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज की अत्याधुनिक सुविधाएं मरीजों को एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इससे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के इलाज की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके जरिए पीजीआई में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने रूट प्लान, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल से जुड़े इंतजामों पर शुरुआती स्तर पर काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पीएमओ से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत कार्यक्रम और समय-सारिणी जारी की जाएगी।