

जालंधर : राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य हरदीप सिंह गिल ने जालंधर डीसी कॉम्प्लेक्स में भाजपा जालंधर शहरी के अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की, वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक तेलू, ललित बब्बू, अश्वनी अटवाल, जेम्स, विपन सभरवाल तथा अन्य प्रमुख भाजपा नेताओं की उपस्थिति में जालंधर सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं बंटू सभरवाल, शम्मी लूथर, सुनील दत्त बॉबी, राजन कल्याण, सिकंदर खोसला, रिंपी कल्याण, अशोक भील, विनोद मड्डी, विक्रम कल्याण, विनोद गिल, सचिन बत्रा, गोपी सिंह, राजिंदर सहोता, गौरव कल्याण, सोमा गिल सहित अन्य प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक कर उनकी समस्याओं और मांगों को विस्तार से सुना।इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं से संबंधित विभिन्न समस्याएं और मांगें हरदीप सिंह गिल के समक्ष रखीं। गिल ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के उपरांत हरदीप सिंह गिल ने पंजाब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ जालंधर के डिप्टी कमिश्नर को सफाई कर्मचारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों और मांगों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।इस अवसर पर हरदीप सिंह गिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सफाई कर्मचारियों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को समाज में उचित सम्मान दिलाने के साथ-साथ उनकी सेवा शर्तों, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गिल ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित एक विशेष मसौदा केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा तैयार किया जा रहा है। इस मसौदे को विधेयक के रूप में संसद में प्रस्तुत किया जाएगा और संसदीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे कानून का रूप देने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके कल्याण के लिए और अधिक मजबूत कानूनी प्रावधान सुनिश्चित करना है।
हरदीप सिंह गिल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को केवल प्रशासनिक विषय मानने के बजाय मानवीय और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को जमीनी स्तर पर लागू करवाना भी आयोग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा सफाई कर्मचारियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को जाना जा रहा है और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मनजीत सिंह मन्ना, कंवरबीर सिंह मंजिल, जतिंदर निक्का, चेतन हांडा, भूपिंदर कुमार, रोशन हीर, सोनू हंस, सोनू सहोता, दीपक बावा, राजिंदर सोनकर, रवि नाहर, शाम लाल हंस, अभिषेक अनेजा, सुरिंदर फौजी सहित अन्य नेता और सफाई कर्मचारी उपस्थित थे।