

जालंधर : जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-अध्यक्ष, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण प्रिया सूद के मार्गदर्शन में केंद्रीय जेल, कपूरथला में एक विशेष कैंप कोर्ट मुख्य न्यायिक मैजिस्ट्रेट-कम-सचिव, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण जालंधर श्री राहुल कुमार के नेतृत्व में लगाया गया। इसमें कार्रवाई के दौरान हवालाती कैदियों के छोटे-मोटे अपराधों और बकाया मामलों पर विचार किया गया।
तेजी से इंसाफ दिलाने और जेलों में भीड़ कम करने के उदेश्य को दर्शाते हुए, 03 कैदियों/हवालातियों द्वारा छोटे-मोटे अपराधों में स्वेच्छा से अपना दोष स्वीकार करने के बाद उन्हें मौके पर ही रिहा करने के आदेश दिए गए।
श्री राहुल कुमार ने बताया कि जेल परिसर के अंदर ऐसी कैंप कोर्टों का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य इंसाफ तक जल्दी पहुंच सुनिश्चित करना, छोटे-मोटे अपराधों के लिए दफ्तरी देरी को कम करना और अपना दोष मानने के लिए तैयार हवालातियों को समय पर राहत प्रदान करना है।
जेल दौरे के दौरान, सचिव जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा कैदियों को दी जा रही रहने-सहने की स्थितियों, रसोई की सुविधाओं, मेडिकल देखभाल और साफ-सफाई के प्रबंधों का भी जायजा लिया गया। उन्होंने कई कैदियों से सीधा संपर्क स्थापित किया और उन्हें कानूनी सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत मिलने वाली मुफ्त कानूनी सहायता सहित उनके मौलिक कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया। कैदियों को भरोसा दिलाया गया कि कानूनी प्रतिनिधित्व की कमी के कारण किसी भी कैदी को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। कैंप कोर्ट के सुचारू आयोजन के दौरान सीनियर जेल अधिकारी, वकील और डी.एल.एस.ए. का स्टाफ मौजूद था।