

जालंधर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे के एक दिन बाद जालंधर जिला में भाजपा जिला प्रधान अशोक सरीन हिकी ने बुधवार को राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार नशा खत्म करने के लिए तीन महीने की डेडलाइन देकर छह बार समय-सीमा बदल चुकी है। लिहाजा इनसे अब जनता को कोई उम्मीद नहीं है। लोग अब केंद्र सरकार और भाजपा की ओर देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि परविंदर सिंह झोटा मामले में सीबीआई जांच शुरू कराने में भाजपा ने भूमिका निभाई। जांच शुरू हो गई है और दोषी अब बचेंगे नहीं। उन्होंने मांग की कि संगरूर में गुलजार सिंह और बटाला में बिक्रमजीत सिंह के मामले भी सीबीआई को सौंपे जाएं।
यदि पंजाब सरकार ऐसा नहीं करती तो पंजाब भाजपा अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने कहा कि नशों का मुद्दा पहले सिर्फ बयानों और अदालतों तक सीमित था, लेकिन शाह ने मंगलवार को मानसा, संगरूर और गुरदासपुर में पीड़ितों का दुख साझा कर इसे भावनात्मक जुड़ाव दिया है। हमारे लिए यह राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को बचाने का मुद्दा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर लेते हुए कहा कि मोदी और शाह के खिलाफ अपशब्द बोलने और एक दिन में पांच प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से झूठ सच नहीं बनता। लोग अब इस्तीफा मांग रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि इस सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।