

जालंधर : श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आज शहर में नगर कीर्तन निकाला जा रहा है। नगर कीर्तन का आयोजन श्री गुरुद्वारा दीवान अस्थान सेंट्रल टाउन से किया गया। नगर कीर्तन गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया पंज प्यारों की अगुवाई में शुरु हुआ। नगर कीर्तन की शुरुआत मोहल्ला गोबिंदगढ़ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। नगर कीर्तन शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए वापस गुरुद्वारा दीवान स्थान पहुंचेगा। नगर कीर्तन के मदन फ्लोर मिल पहुंचने पर विशेष दृश्य देखने को मिला।

इस अवसर पर श्री गुरुद्वारा दीवान अस्थान सेंट्रल टाउन से गुरमीत सिंह बिट्टू ने समूह संगत को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाइ देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की पवित्र बाणी और शिक्षाएं समूची मानवता के लिए प्रकाश स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की पावन बाणी समूची मानवता को सत्य, समानता, परिश्रम (किरत) और सर्व साझीवालता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भावना और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने समूह संगत से श्री गुरु नानक देव जी द्वारा दर्शाए गए मार्ग पर चलते हुए मानवता की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और समाज की भलाई के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की।