डिवीजनल कमिश्नर ने विश्व पर्यटन दिवस पर डाक्यूमेंट्री फिल्म ‘मोरिश मस्जिद’ को किया रिलीज

by Sandeep Verma
0 comment

जालंधर : युवाओं को विरासत से जोड़ने के लिए आज विश्व पर्यटन दिवस पर डिवीजनल कमिश्नर प्रदीप कुमार सभरवाल आई.ए.एस. द्वारा एक डाक्यूमेंट्री फिल्म ‘मोरिश मस्जिद’ रिलीज की गई। इस मौके पर इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म के लेखक और हैरीटेज प्रमोटर एडवोकेट हरप्रीत सिंह संधू भी मौजूद थे।इस फिल्म के बारे में बोलते हुए सभरवाल ने कहा कि यह डाक्यूमेंट्री युवाओं को विरासत से जोड़ने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि कपूरथला की मोरिश मस्जिद, जो पंजाब की समृद्ध विरासत है, को इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के ऐसे ऐतिहासिक स्मारकों और संस्कृति को संरक्षित करने के लिए ऐसे प्रयासों की जरूरत है। सभरवाल ने कहा कि डाक्यूमेंट्री फिल्म में वास्तुकला के सर्वोत्तम कार्यों और महत्वपूर्ण विरासत स्थल मोरिश मस्जिद के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म पंजाब की समृद्ध संस्कृति और विरासती सुंदरता को बढ़ावा देने के लिए लेखक और विरासत प्रचारक हरप्रीत संधू द्वारा तैयार की गई है।उन्होंने आगे कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री का उद्देश्य पंजाब के लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी के बीच सांस्कृतिक स्थानों के संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाना है। फिल्म महाराजा जगतजीत सिंह द्वारा निर्मित और ग्रैंड मस्जिद माराकेश से प्रेरित विरासत इमारत मोरिश मस्जिद के बारे में बताती है। यह विरासत इमारत विश्व संस्कृति और वास्तुकला के लिए एक स्थायी प्रमाण है।कमिश्नर जालंधर डिवीजन ने डॉक्यूमेंट्री फिल्म देखने के बाद इस विरासत स्थल के महत्व को चित्रों के माध्यम से दिखाने के लिए समर्पण और कड़ी मेहनत से किए गए प्रयासों की प्रशंसा की।सभरवाल ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री फिल्म देखने के बाद उन्हें लगा कि पंजाब में अनमोल स्मारकों का खजाना छिपा है, जिसे ऐसे प्रयासों से संरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म विश्व पर्यटन दिवस को समर्पित है, जो ‘पर्यटन और शांति’ विषय के बारे में बताती है और समाज, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण में पर्यटन के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाती है।हरप्रीत संधू ने कहा कि विरासत स्थलों की फोटोग्राफी के उनके जुनून ने उन्हें मोरिश मस्जिद पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी पंजाब के स्मारकों और संस्कृति को संरक्षित करने का प्रयास करते रहेंगे।इस अवसर पर डिवीजनल कमिश्नर द्वारा डाक्यूमेंट्री फिल्म के अलावा तस्वीरों सहित ब्रोशर भी रिलीज किया।

Trident AD Trident AD
Trident AD
Trident AD Trident AD Trident AD Trident AD Trident AD

You may also like

Leave a Comment

2022 The Trident News, A Media Company – All Right Reserved. Designed and Developed by iTree Network Solutions +91 94652 44786

You cannot copy content of this page