


पंजाब के तरनतारन से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां उस्मा गांव के पास स्थित लॉ कॉलेज में एक लड़की की सरेआम हत्या कर दी गई। कॉलेज के क्लासरूम में एक युवक ने लड़की को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने भी सुसाइड कर लिया। उसने भी खुद को गोली मार ली। मृतक आरोपी युवक की पहचान तरनतारन के प्रिंस राज के रूप में हुई है। वहीं जिस लड़की की इसने हत्या की उसकी पहचान नौसेरा निवासी 20 साल की संदीप कौर के रूप में हुई है। दोनों ही लॉ कॉलेज में फ़र्स्ट ईयर के स्टूडेंट थे और साथ पढ़ते थे।बताया जा रहा है कि रोज की तरह आज भी संदीप कौर लॉ कॉलेज में अपनी क्लाससेज अटेंड करने पहुंची थी। उसे नहीं पता था की आज का दिन उसके लिए आखिरी साबित होगा। संदीप कौर जब क्लास में अपनी सहेली के साथ बैठी हुई थी तो इसी दौरान अचानक प्रिंस राज क्लास के अंदर दाखिल हुआ। कोई कुछ समझ पाता, उसके पहले ही उसने गन निकाली और संदीप कौर पर फायरिंग कर दी। इसके तुरंत बाद खुद के सिर में गोली मार ली। इस पूरी घटना के बाद क्लास की फर्श खून से सन गई। वहीं क्लास में चीख-पुकार मचते देखी गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पास के पुलिस थाना टीम कॉलेज पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की।

