


जालंधर : पंजाब सरकार द्वारा बुजुर्गों की भलाई के लिए शुरू की गई ‘साढ़े बुजुर्ग साढां मान’ अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर मुफ्त स्वास्थ्य जांच कैंप लगाए जा रहे है।जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 23 फरवरी को एस.डी.एच. नकोदर में स्वास्थ्य जांच कैंप लगाया जा रहा है, जिसमें वृद्धावस्था में होने वाली समस्याओं, जैसे आंखों का मोतियाबिंद, जोड़ों के दर्द और अन्य शारीरिक बीमारियों की जांच करके मुफ्त दवाइयां दी जाएंगी। इसी तरह 2 मार्च को सी.एच.सी. करतारपुर, 9 मार्च को एस.डी.एच. फिल्लौर और 16 मार्च को पी.एच.सी. जंडियाला में कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि आंखों की जांच के दौरान जो मरीज सर्जरी की जरूरत वाले पाए गए, उनके ऑपरेशन स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुफ्त करवाए जाएंगे। कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बुजुर्गों को सम्मानपूर्ण, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन मुहैया करवाने के लिए यह प्रयास किया गया है।उन्होंने बुजुर्गों को इन स्वास्थ्य जांच कैंपों का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों को भी अपील की कि अपने घरों और आस-पास रहने वाले बुजुर्गों को इन कैंपों में बड़ी संख्या में लेकर पहुंचे ताकि वह इन सुविधाओं का लाभ ले सकें और स्वस्थ जीवन बिता सकें।

