


भारत-पाकिस्तान सीमा से महज एक किलोमीटर दूर स्थित गांव आदियां पुलिस चौकी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। होमगार्ड जवान अशोक कुमार और पंजाब पुलिस के एएसआई गुरनाम सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में तीन आरोपियों की पहचान की गई थी। आज दिनचढ़ते ही पुराना शाला इलाके में पुलिस और मुख्य आरोपी रणजीत सिंह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, एनकाउंटर के दौरान रणजीत सिंह को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे आरोपी दिलावर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। तीसरे आरोपी इंद्रजीत सिंह की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे क्षेत्र में सख्त नाकाबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले आदियां चौकी में तैनात एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब डोरांगला थाने के एसएचओ द्वारा संपर्क न होने पर गांव के सरपंच ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शव बरामद किए। सोशल मीडिया पर ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ नामक संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की जांच कर रही हैं।

