


जालंधर : पंजाबी मातृभाषा के प्रचार और प्रसार के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से पंजाब जागृति मंच द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस को समर्पित मातृभाषा पंजाबी मार्च 26 फरवरी को निकाला जा रहा है पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलें विभाग के सलाहकार और पंजाब जागृति मंच के जनरल सेक्रेटरी दीपक बाली ने बताया कि इस प्रयास का उदेश्य मातृभाषा पंजाबी के प्रचार और प्रसार के साथ-साथ युवाओं में अपनी मातृभाषा पंजाबी के प्रति सम्मान, प्यार और जागरूकता पैदा करना है।इस संबंधी अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसवीर सिंह ने पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलें विभाग के सलाहकार और पंजाब जागृति मंच के जनरल सेक्रेटरी दीपक बाली सहित विभिन्न स्कूलों/कालेजों के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रबंधों का जायजा लिया। इस मौके पर पंजाब राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन जतिंदर मसीह गौरव भी मौजूद थे।दीपक बाली ने पंजाबी मातृभाषा को प्रफुल्लित करने में योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि मातृभाषा के बिना किसी भी व्यक्ति और संस्कृति की पहचान अधूरी है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए मातृभाषा को संभाल कर रखना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने जिला वासियों को मातृभाषा पंजाबी को समर्पित इस समागम में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि यह मार्च लायलपुर खालसा स्कूल से शुरू होकर डा.बी.आर. अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, कंपनी बाग चौक, भगत नामदेव चौक से होता हुआ देश भगत यादगार हाल के नजदीक सांस्कृतिक समागम के साथ समाप्त होगा।उन्होंने अधिकारियों को मार्च के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की शमूलियत के मदेनजर सभी जरूरी प्रबंध समय पर यकीनी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए रिफ्रेशमेंट, पीने वाले पानी, विद्यार्थियों को लाने-जाने के लिए वाहन, एंबुलेंस, मैडीकल टीमें, मार्च के रूट पर सफाई, सुरक्षा, उचित ट्रैफिक प्रबंध सहित अन्य जरूरी इंतजाम यकीनी बनाने के निर्देश दिए।इस मौके पर डिप्टी डी.ई.ओ. राजीव जोशी, सचिव जिला रैड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंजाब जागृति मंच के पदाधिकारी और स्कूलों व कॉलेजों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

