


जलंधर : आम आदमी पार्टी के सेंट्रल हल्का कॉर्डिनेटर सुरिंदर सिंह केरो ने पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मेरी रसोई’ योजना का स्वागत करते हुए इसे जनकल्याण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रभावी निर्णय ले रही है।केरो ने कहा कि अप्रैल माह से 40 लाख परिवारों को तिमाही आधार पर मुफ्त फूड किट उपलब्ध कराने का निर्णय खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक किट में दाल, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों का तेल शामिल होगा, जिससे जरूरतमंद परिवारों को संतुलित आहार उपलब्ध हो सकेगा। यह किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले गेहूं से अलग प्रदान की जाएंगी, जिससे लाभार्थियों को अतिरिक्त राहत मिलेगी। इस मौके पर सुरिंदर सिंह केरो ने मुख्यमंत्री सरदार भगवत सिंह मान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल पंजाब की लोक-हितैषी सोच और संवेदनशील शासन का उदाहरण है। यह योजना विशेष रूप से उन परिवारों के लिए राहत लेकर आएगी जो दैनिक आजीविका के संघर्ष के बीच पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने में कठिनाई महसूस करते हैं।

