
जालंधर : पंजाब में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस संबंध में अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन व वार्ड 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर केरल जैसे राज्य को पीछे छोड़ते हुए अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। अग्रवाल ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व को देते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता ने पंजाब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा स्कूलों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया गया है, नए क्लासरूम बनाए गए हैं, आधुनिक लैब और स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही शिक्षकों की नियमित भर्ती और प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।उन्होंने आगे कहा कि “स्कूल ऑफ एमिनेंस” जैसे प्रोजेक्ट्स ने छात्रों को बेहतर माहौल और प्रतिस्पर्धी शिक्षा प्रदान की है। सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों के बराबर लाया जाए, ताकि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और आने वाले समय में पंजाब पूरे देश में शिक्षा का मॉडल राज्य बनकर उभरेगा।
अंत में श्री अग्रवाल ने कहा कि शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है और भविष्य में भी इसी तरह मिलकर पंजाब को शिक्षा के क्षेत्र में और आगे ले जाया जाएगा।