
जालंधर : दमोरिया पुल पर देर रात एक कार और तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। गलत साइड से आ रही बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।यह घटना रात करीब 12 बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर सड़क पर गिरे। राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें ई-रिक्शा और टैक्सी की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।विकास पुरी निवासी अभिनव, जो कार चला रहे थे, ने बताया कि वे जिम से घर लौट रहे थे। दमोरिया पुल फ्लाईओवर पर चढ़ते ही सामने से गलत साइड से आ रही स्पोर्ट्स बाइक उनकी कार से टकरा गई।
आरोप-बाइक सवार युवकों ने पी रखी थी शराब अभिनव ने आरोप लगाया कि बाइक सवार दोनों युवकों ने शराब पी रखी थी और उनके सिर पर हेलमेट भी नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि बाइक की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी।हादसे के कारण क्षतिग्रस्त वाहन सड़क के बीचों-बीच रुक गए, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। सूचना मिलने पर थाना की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके पहुंचने से पहले ही घायलों को अस्पताल भेज दिया गया था।
पीसीआर अधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना ड्यूटी अफसर को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।