
जालंधर : जिला कमिश्नरेट की तरफ से कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से थाना तीन में विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। थाना तीन प्रभारी जतिंदर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई अलग अलग चौराहा पर की गई। अभियान का मकसद सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इस दौरान थाना तीन प्रभारी की अगुवाई में प्रमुख चौकों, संवेदनशील इलाकों और प्रवेश मार्गों पर अचानक नाके लगाए गए। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की तथा गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी। नाकाबंदी को अचानक और रणनीतिक तरीके से अंजाम दिया गया, ताकि अपराधियों को सतर्क होने का मौका न मिले। रात्रि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नाइट डोमिनेशन ऑपरेशन भी तेज किए गए हैं। देर रात तक गश्त, पेट्रोलिंग और चेकिंग के जरिए असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जतिंद्र सिंह का कहना है कि इन कदमों से अपराधों पर नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। ट्रैफिक प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि जालंधर पुलिस कमिश्नरेट पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और आम जनता की सुरक्षा व सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर है