
जालंधर : चौगिट्टी के नजदीक गुरु नानक पुरा इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर के बाहर खेल रही सात साल की मासूम बच्ची को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बन गया।मृतक बच्ची की पहचान राधिका के रूप में हुई है। हादसे के समय वह अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार वहां से गुजरी और उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक बच्ची को अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार हो गया।बच्ची के पिता सपाए लाल, जो चिकन का काम करते हैं, ने बताया कि घटना के समय वह काम के सिलसिले में लुधियाना गए हुए थे। उन्हें परिवार वालों ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी और अचानक यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दी।