
जालंधर : वेस्ट हल्का 120 फुटी रोड पर स्थित ‘खाना खजाना वैष्णो ढाबा’ में सोमवार सुबह तड़के अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग सुबह के समय लगी, जब ढाबा बंद था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।हालांकि आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरे ढाबे को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि दमकल विभाग और पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है। इस घटना से ढाबा मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग के कारण ढाबे का ढांचा और अंदर रखा फर्नीचर, रसोई का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। फिलहाल अधिकारी आग लगने के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।