
जालंधर : माननीय मुख्यमंत्री पंजाब की आगामी “शुकराना यात्रा” के मद्देनज़र सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा एवं तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु स. हरविंदर सिंह विरक, पी.पी.एस., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जालंधर ग्रामीण की अध्यक्षता में जिला पुलिस अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।इस बैठक में वनीत आहलावत, आई.पी.एस., एस.पी. (तफ्तीश), मुकेश कुमार, एस.पी. (स्थानीय), मनजीत कौर, एस.पी. (पी.बी.आई.) सहित सभी डी.एस.पी., एस.एच.ओ., पुलिस चौकी प्रभारी तथा अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान सुरक्षा योजना, रूट सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी विस्तृत चर्चा की गई। एस.एस.पी. द्वारा यात्रा के दौरान पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कड़े निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की 24 घंटे तैनाती, रूट की एंटी-सबोटाज चेकिंग तथा पूरे रूट पर मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए।इसके अतिरिक्त, हाई-टेक चेक प्वाइंट्स के माध्यम से सख्त निगरानी रखने तथा किसी भी शरारती या समाज विरोधी तत्व के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। दोपहिया वाहनों की विशेष चेकिंग मुहिम चलाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।ट्रैफिक पुलिस को कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारू एवं बिना बाधा जारी रखने हेतु विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाने तथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त जारी रखने, भीड़भाड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा हर प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।एस.एस.पी. जालंधर ग्रामीण ने दोहराया कि जालंधर ग्रामीण पुलिस जनता की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा “शुकराना यात्रा” के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु मजबूत एवं प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।