

बी.एल.ओ. को कैंप के दौरान पोलिंग बूथों पर मौजूद रहने के निर्देश, उच्च अधिकारी करेंगे अचानक चेकिंग
जालंधर : डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने बताया कि वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट के साथ वोटरों की मैपिंग की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा 7 जून (रविवार) को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पूरे जिले के सभी पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।
वालिया ने बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) को वोटरों की सुविधा के लिए कैंप के दौरान अपने बूथों पर मौजूद रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दफ्तर, मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब और जिला चुनाव दफ्तर के अधिकारियों द्वारा बूथ स्तर के इन कैंपों की अचानक चेकिंग भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बी.एल.ओ. वोटरों को 2003 की लिस्ट के साथ मैपिंग में सहायता करेंगे और सबसे अधिक मैपिंग करने वाले बी.एल.ओ. का जिला प्रशासन द्वारा विशेष सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन कैंपों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य वोटर मैपिंग की प्रक्रिया से वंचित न रहे।
जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि कैंपों के उचित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रबंध पहले ही सुनिश्चित कर लिए गए हैं। उन्होंने आम वोटरों, जिन्होंने अभी तक प्री-एस.आई.आर. के तहत चल रही वोटर मैपिंग प्रक्रिया में भाग नहीं लिया है, से अपील करते हुए कहा कि वह 7 जून को अपने संबंधित पोलिंग बूथ पर पहुंचकर बी.एल.ओ. के माध्यम से अपनी मैपिंग अवश्य करवाएं।
जिला चुनाव अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों और उनके बूथ लेवल एजेंटों (बी.एल.ए.) से भी इन कैंपों को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने की अपील की है।