

जालंधर : शिव नगर स्थित सीताराम पार्क में बच्चों के मनोरंजन एवं गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से विशेष वाटर फन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड-80 के पार्षद श्री अश्वनी अग्रवाल मुख्य रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों द्वारा बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क में छोटा वाटर टब तैयार किया गया, जहां बच्चों ने जमकर मस्ती की। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ पार्क पहुंचे और बच्चों को खेलते व आनंद लेते देख खुशी से झूम उठे। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और उमंग से भरपूर रहा।
इस अवसर पर पार्षद श्री अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए ऐसे मनोरंजक कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए वार्ड के अन्य पार्कों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में खेलकूद और मनोरंजन का आनंद ले सकें।
कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा बच्चों और अभिभावकों के लिए खाने-पीने की भी विशेष व्यवस्था की गई, जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की।इस अवसर पर राजेंद्र अग्रवाल, कार्तिक अग्रवाल, मुकेश कुमार, डॉ. अमित कुमार, दीपा सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बच्चों को मनोरंजन का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।