

जालंधर : थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने गुरु रामदास एन्क्लेव, शेर सिंह कॉलोनी में हुई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और दातर भी बरामद कर लिए गए हैं। थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी जय इंदर सिंह और पुलिस चौकी लेदर कॉम्प्लेक्स के इंचार्ज अजमेर लाल की टीम ने इस केस को ट्रेस किया। प्रैस नोट जारी कर मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी 2 राकेश यादव ने बताया कि 4 जून को पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरु रामदास एन्क्लेव, शेर सिंह कॉलोनी की पहली मंजिल से तेज दुर्गंध आ रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कमरे के अंदर कंबल में लिपटी एक सड़ी-गली लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान तनिष अरोड़ा उर्फ नन्नी, निवासी बस्ती शेख, जालंधर के रूप में हुई। जांच के बाद मृतक के भाई मनीष अरोड़ा के बयान पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जाँच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दीपक कुमार सिंह वारदात के बाद झारखंड में अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए झारखंड के गांव सिंजो मुहावरी में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया काबू किए गए आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और दातर भी बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों तथा अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।