

जालंधर : पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर मंदीप कौर और अन्य अधिकारियों के साथ विधानसभा हलका जालंधर पश्चिमी समेत शहर की विभिन्न जगहों पर सफाई और सीवरेज व्यवस्था का जायजा लिया तथा सफाई सेवकों की उपस्थिति की जांच की।
चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा करते हुए कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी वार्डों, बाजारों, चौकों और अन्य जगहों पर उचित सफाई प्रबंध सुनिश्चित किए जाए।
ग्रेवाल ने नगर निगम अधिकारियों को सफाई सेवकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नियमित तौर पर चेकिंग करने के आदेश दिए। ग्रेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार शहरों को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए वचनबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रेवाल ने नगर निगम अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि बारिश से पहले शहर के सीवरेज की सफाई सुनिश्चित की जाए और जहां कहीं भी बारिश के दिनों में पानी जमा होने की समस्या आती है, उसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। उन्होंने विभिन्न जगहों पर लोगों से सफाई और शहर को और सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए उनके मूल्यवान सुझाव भी लिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई सेवकों को पेश समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करके उन्हें राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने सफाई सेवकों से भी अपील की कि शहर की सफाई की ओर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि शहर को और सुंदर बनाया जा सके।
इस मौके पर ज्वाइंट कमिश्नर मंदीप कौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में सफाई के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई सेवक लगाए गए हैं, जिनकी हाजिरी की नियमित जांच की जा रही है।इस मौके पर अतिरिक्त स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम डा. कृष्ण देव, चीफ सैनिटरी इंस्पेक्टर सोनी गिल, साहिल मल्होत्रा तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।