

जालंधर : सीनियर कांग्रेसी नेता और पंजाब ब्राह्मण विकास बोर्ड के पूर्व चेयरमैन रवीश राज शर्मा ने भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान में लोगों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता का वोट है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना तथा उसका सत्यापन होना बेहद आवश्यक है।
रवीश राज ने कहा कि हाल के वर्षों में देश के विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में पंजाब के लोगों को पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए और समय रहते अपने नाम का सत्यापन कराकर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए, क्योंकि यही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।
शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जब बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचें तो उनका पूरा सहयोग करें, आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाएं और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं और प्रत्येक मतदाता का नाम वोटर सूची में सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता के साथ खड़ी रहेगी।