

चंडीगढ़ : पंजाब के जालंधर में 17 जुलाई को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की तैयारियों का आज भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने जायजा लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जालंधर कैंट के नवनिर्मित रेलवे स्टेशन तथा रैली स्थल का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस, प्रशासन तथा रेलवे अधिकारियों के साथ कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब में कई बड़े विकास परियोजनाओं की सौगात देने आ रहे हैं। उनके भव्य स्वागत के लिए पूरी पंजाब भाजपा तथा प्रदेशवासी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री पंजाब आते हैं, राज्य के लिए कोई न कोई बड़ा उपहार लेकर आते हैं। इस बार भी वह पंजाब को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान पंजाब के चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों—जालंधर, मोहाली, श्री मुक्तसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब—के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जहां आधुनिक वेटिंग हॉल, नि:शुल्क वाई-फाई, उन्नत प्लेटफॉर्म, फूड कोर्ट तथा बुजुर्गों और बच्चों की सुविधा के लिए एस्केलेटर सहित अनेक हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसी दौरान जालंधर से विशेष रूप से ‘संत रविदास जी एक्सप्रेस’ रेलगाड़ी को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशनों के अलावा पंजाब के विकास के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी शुरुआत की जा रही है। राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए नए हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में नए प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। पंजाब विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए एक मल्टीपरपज ऑडिटोरियम का भी उद्घाटन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एकमात्र लक्ष्य भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाना है, जिसमें पंजाब की प्रगति महत्वपूर्ण योगदान देगी। इसी सोच के तहत राज्य के पुराने रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण कर उन्हें नया स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, उनमें केंद्र सरकार की योजनाओं का महत्वपूर्ण योगदान है।
केवल सिंह ढिल्लों ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता भाजपा की विकास यात्रा का साथ देगी और वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।