

जालंधर : अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को राशन कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत की और उन्हें पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार आम लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी फैसले ले रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे और कोई भी व्यक्ति अपने अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मान सरकार की नीतियों का केंद्र आम आदमी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से प्रदेश के लोगों को राहत मिल रही है। राशन जैसी बुनियादी सुविधा जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि राशन कार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा एवं विभिन्न सरकारी सुविधाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पात्र परिवारों को उनका अधिकार दिलाने और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 80 में जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोगों को सरकारी योजनाओं से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी आती है तो उसका समाधान करवाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाते हैं।
अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना है। जनसेवा हमारे लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संकल्प है। वार्ड नंबर 80 के प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।राशन कार्ड प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए पंजाब सरकार तथा अश्वनी अग्रवाल का आभार जताया।