

जालंधर : रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश का बेटा और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कार में बेठे पार्षद के बेटे समेत तीन लोग बाल-बाल बच गए।
यह हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी वॉक्सवैगन कार फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई।हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय विदित ओलक और 19 वर्षीय आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। विदित मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश का बेटा था, जबकि आरव पप्पी स्वीट्स के मालिक का बेटा था। दोनों जालंधर की सेठ हुकुमचंद कॉलोनी के रहने वाले थे।
जानकारी देते हुए थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस को सुबह करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां खड़ी की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार में कुल पांच युवक सवार थे। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP) के एक पार्षद का बेटा भी शामिल था, जो हादसे में सुरक्षित बच गया। कार में सवार बाकी तीन युवकों के बारे में भी जानकारी सामने आई है कि वे सुरक्षित अपने घर पहुंच गए थे।
एसएचओ के अनुसार, दोनों मृतकों के परिवारों ने पुलिस को आगे की कानूनी कार्रवाई करवाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।