

जालंधर: भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक सरीन, जिला महामंत्री योगेश धीर और जिला समन्वयक संजीव शर्मा ‘मणि’ की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दो नए प्रकोष्ठों की घोषणा की गई तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
घोषणा के अनुसार, संजय सहगल को चिकित्सा प्रकोष्ठ तथा हिमांशु चोपड़ा को जीरामजी प्रकोष्ठ का संयोजक नियुक्त किया गया। दोनों नवनियुक्त संयोजकों ने संगठन की रूपरेखा के अनुसार अपने-अपने प्रकोष्ठों में एक-एक सह-संयोजक की नियुक्ति भी की है।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में प्रकोष्ठों और मोर्चों की रहेगी अहम भूमिका : नेतृत्व
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक सरीन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को तथा उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान जिला महामंत्री योगेश धीर और जिला समन्वयक संजीव शर्मा ‘मणि’ ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी के सभी प्रकोष्ठों और मोर्चों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए पदाधिकारियों के जुड़ने से पार्टी का संगठन जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।