

कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवउठनी एकादशी मनाई जाती है. इसे देवउठनी एकादशी या प्रबोधिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु योग निद्रा से जागते हैं और चातुर्मास समाप्त होता है. चातुर्मास खत्म होते ही शुभ और मांगलिक कार्यों पर लगी पाबंदी खत्म हो जाती है. शादी-विवाह का शुभ मुहूर्त भी खुलता है. इसलिए इस एकादशी को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. देवउठनी एकादशी भीष्म पंचक में पड़ रही है. आइए जानते हैं कि देवउठनी एकादशी कब है और इसका मुहूर्त क्या रहने वाला है.
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी. इसका समापन 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा. उदया तिथि के आधार पर देवउठनी एकादशी का व्रत शुक्रवार, 20 नवंबर को रखा जाएगा. एकादशी व्रत का पारण शनिवार, 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 49 मिनट से लेकर सुबह 8 बजकर 56 मिनट के बीच होगा.