जनगणना-2027: डिप्टी कमिश्नर ने स्व-गणना की प्रक्रिया में लिया भाग

Census 2027: Deputy Commissioner participates in the self-enumeration process

by Sandeep Verma
0 comment
Trident News
Trident News Trident News

जालंधर : जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने आज स्वयं अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करके जिलावासियों को भी इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू हो चुकी है, जो 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। इस दौरान नागरिकों को अपने परिवार संबंधी विवरण स्वयं ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर दर्ज करने की सुविधा दी गई है।

उन्होंने बताया कि स्व-गणना एक बहुत ही सरल, सुरक्षित और समय बचाने वाली प्रक्रिया है। इसके तहत नागरिक अधिकृत वेब पोर्टल पर लॉगिन करके अपने परिवार के सदस्यों का विवरण स्वयं भर सकते है। उन्होंने बताया कि जानकारी सबमिट करने के बाद एक विलक्षण ‘सेल्फ-इन्यूमरेशन आई.डी.’ जनरेट होगी, जिसे संभाल कर रखना चाहिए।

वालिया ने आगे बताया कि इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर जनगणना का काम करेंगे। जिन नागरिकों ने स्व-गणना की होगी, वे घर आने वाले गणक या सुपरवाइजर को अपनी ‘सेल्फ-इन्यूमरेशन आई.डी.’ उपलब्ध कराएंगे ताकि डेटा की पुष्टि की जा सके। यदि स्व-गणना के दौरान कोई व्यक्ति जानकारी दर्ज करने से रह जाता है, तो वह घर-घर गणना के दौरान अपना डेटा दर्ज करवा सकता है।

जनगणना को देश की विकास योजना का एक महत्वपूर्ण आधार बताते हुए श्री वालिया ने कहा कि जनगणना के माध्यम से एकत्र किए जाने वाले आंकड़े सरकार को लोगों की जरूरतों, उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति तथा विभिन्न क्षेत्रों में विकास की आवश्यकताओं को समझने में मदद करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सही और पूरी जानकारी देश के भावी विकास के लिए अहम है।

डिप्टी कमिश्नर ने जिलावासियों से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा का लाभ लेने और अपने परिवार, घर तथा अन्य संबंधित विवरण पूरी सावधानी और सही तरीके से दर्ज करने की अपील की।

इससे पहले डिप्टी कमिश्नर ने चार्ज अफसरों के साथ बैठक के दौरान चल रही स्व-गणना प्रक्रिया का जायजा लिया। स्व-गणना संबंधी अधिकतम जागरूकता फैलाने के निर्देश देते हुए उन्होंने सभी विभागों के प्रमुखों को अपने-अपने विभागों से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की स्व-गणना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर, उप अर्थ एवं सांख्यिकी सलाहकार सुनीता पाल के अलावा चार्ज अफसर भी मौजूद थे।

Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News
Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News

You may also like

Leave a Comment

2022 The Trident News, A Media Company – All Right Reserved. Designed and Developed by iTree Network Solutions +91 94652 44786

You cannot copy content of this page