

जालंधर : पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने आज जालंधर कैंट हलके के गांव भोडे सपराय में बाबा दीवान सिंह फुटबॉल एकेडमी की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गांववासियों और खिलाड़ियों से मुलाकात की तथा उनका उत्साह बढ़ाते हुए खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सरदार परगट सिंह ने परमात्मा के चरणों में अरदास करते हुए कहा कि पंजाब का हर खिलाड़ी दिन-दोगुनी और रात-चौगुनी तरक्की करे और अपने हुनर एवं मेहनत से पंजाब का नाम रोशन करे।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। रोजाना सुबह उठकर व्यायाम करें, अपनी सेहत का ध्यान रखें और परमात्मा का नाम लेकर दिन की शुरुआत करें।
सरदार परगट सिंह ने कहा कि नशे की समस्या के कारण पंजाब का युवा वर्ग गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। नशे की गिरफ्त में फंसकर अनेक युवा अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल एक ऐसा सशक्त माध्यम हैं, जिनके जरिए युवाओं को नशे से दूर रखकर सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, मेहनत और टीम भावना भी पैदा करते हैं। पंजाब की जवानी को बचाने और राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है। युवाओं को खेल के मैदानों से जोड़कर ही उन्हें स्वस्थ और बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित किया जा सकता है।