

जालंधर: कांग्रेस नेता एवं पंजाब ब्राह्मण बोर्ड के पूर्व डायरेक्टर रविश राज शर्मा ने आज पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रधान एवं विधायक परगट सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परगट सिंह को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर रविश राज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने परगट सिंह के रूप में एक सूझवान और सक्षम कप्तान को पार्टी की कमान सौंपी है। परगट सिंह के नेतृत्व में पंजाब कांग्रेस को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि परगट सिंह केवल हॉकी के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि राजनीति की गहरी समझ रखने वाले अनुभवी नेता भी हैं। उनकी दूरदर्शिता, सूझबूझ और नेतृत्व क्षमता से पंजाब कांग्रेस नई ऊंचाइयों को छुएगी। उन्हें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पार्टी एकजुट होकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और पंजाब के हितों के लिए प्रभावी ढंग से संघर्ष करेगी।
रविश राज ने कहा कि परगट सिंह के प्रदेश प्रधान की कमान संभालने से कांग्रेस की लीडरशिप के साथ-साथ जमीनी स्तर पर काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह और जोश बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि परगट सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार की नीतियों से निराश हैं और प्रदेश में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं।