

जालंधर : दिल्ली में विगत दिनों आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में देश के माननीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अकाली-भाजपा गठबंधन की घोषणा ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। इस फैसले से जहां विपक्षी दलों में बेचैनी देखने को मिल रही है, वहीं भाजपा एवं शिरोमणि अकाली दल के नेताओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है।
इस गठबंधन का स्वागत करते हुए भाजपा जालंधर सेंट्रल-35 के अध्यक्ष इंजी. चंदन रखेजा ने खुशी जाहिर की और भाजपा हाईकमान के इस निर्णय को पंजाब के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इंजी. चंदन रखेजा ने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पंजाब की बेहतरी, खुशहाली और विकास को ध्यान में रखते हुए जो भी निर्णय लेगा, हम सभी कार्यकर्ता उसका पूर्ण समर्थन एवं सहयोग करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में इस स्वाभाविक गठबंधन की ताकत विपक्षी दलों को स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हिंदू-सिख एकता, आपसी भाईचारे और पंजाब की सांझी विरासत का प्रतीक अकाली-भाजपा गठबंधन हमेशा से प्रदेश की राजनीति में एक विशेष स्थान रखता आया है। यह गठबंधन विपक्षी दलों को तभी से खटक रहा था, जब माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने अपने संबोधन में पंजाब में एनडीए की सरकार बनने का विश्वास व्यक्त किया था। अब जब इस दिशा में शीर्ष नेतृत्व द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, तो विपक्षी दलों में राजनीतिक बेचैनी होना स्वाभाविक है।
इंजी. चंदन रखेजा ने मीडिया के माध्यम से विश्वास दिलाया कि इस गठबंधन के बाद भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अकाली दल के कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगा। गठबंधन में सभी सहयोगी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को उनका उचित मान-सम्मान दिया जाएगा तथा आपसी तालमेल, समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब को विकास, रोजगार, बेहतर बुनियादी ढांचे, मजबूत कानून-व्यवस्था और खुशहाली की नई दिशा देने के लिए एक मजबूत एवं निर्णायक नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में डबल इंजन सरकार के माध्यम से पंजाब में चौतरफा विकास के नए अध्याय की शुरुआत होगी।