

जालंधर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जालंधर के प्रागपुर में होने वाली रैली के मद्देनजर मुस्लिम संगठन पंजाब की ओर से काले झंडे दिखाकर विरोध करने के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन ने संगठन के पदाधिकारियों को नजरबंद कर दिया। संगठन के जनरल सेक्रेटरी एवं पत्रकार मजहर आलम को उनके खांबड़ा स्थित निवास पर चार थानों की पुलिस तथा पीएपी की भारी फोर्स की मौजूदगी में नजरबंद किया गया।
मौके पर थाना डिवीजन नंबर-5 के एसएचओ संजीव कुमार सूरी, थाना सदर के एसएचओ बलकरन सिंह, जालंधर हाईट्स चौकी इंचार्ज जसबीर चंद तथा थाना प्रतापपुरा के एसएचओ विक्टर मसीह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान ने कहा कि संगठन संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश और संविधान की रक्षा तथा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने मस्जिदों, मदरसों और अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों को लेकर भी अपनी चिंता व्यक्त की।
*‘पंजाब में नफरत की सियासत नहीं चलने देंगे’ : मजहर आलम*
नजरबंदी के दौरान मजहर आलम ने कहा कि वह मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों और धार्मिक स्थलों से संबंधित मामलों को लेकर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि देश के विभिन्न हिस्सों में मुस्लिम समुदाय से जुड़े मामलों को लेकर तनाव का माहौल बनाया जा रहा है।मजहर आलम ने कहा कि पंजाब की अमन-शांति और आपसी भाईचारा हर हाल में कायम रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखता रहेगा और पंजाब में नफरत की राजनीति को लेकर अपनी आवाज उठाता रहेगा।
*‘कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई नजरबंदी’ : डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों *
डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जालंधर दौरे के दौरान मुस्लिम संगठन की ओर से काले झंडे दिखाने का ऐलान किया गया था। रैली के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर मजहर आलम को उनके खांबड़ा स्थित आवास पर नजरबंद किया गया है।
डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि अमित शाह की रैली समाप्त होने तक मजहर आलम को घर पर ही रहने के लिए कहा गया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय स्थिति को रोकने के उद्देश्य से की गई।
इस अवसर पर एस.एस. कंस्ट्रक्शन के एमडी एवं जालंधर कैंट प्रधान कयूम खान, मुस्लिम संगठन कपूरथला के प्रधान मौलाना अमानुल्लाह मजाहिरी, मस्जिद गढ़ा के प्रधान मोहम्मद मुख्तार, अकबर खान, नदीम सलमानी, हरदीप सिंह कालिया सहित अन्य मौजूद रहे।