

जालंधर : मखदूमपुरा में लक्की ठाकुर उर्फ लक्की खोखा की हत्या के मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक, दो दर्जन के करीब युवक एक दुकान में घुस आए और वहां मौजूद लक्की ठाकुर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में लक्की की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले में एसीपी ओंकार बराड़ ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिवसेना नेता नरेंद्र थापर और उनके बेटे राम कृष्ण सहित रितिक, मंथन बजाज, दीपक राणा, रंजम थापर व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने देर रात तक अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन अभी तक कोई भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। एसीपी का कहना है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
वहीं, लक्की ठाकुर की हत्या के पीछे की वजह को लेकर भी परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लक्की के भाई का आरोप है कि कुछ लोग उसके बेटे को नशे की लत में धकेलने का प्रयास कर रहे थे। इस बात को लेकर लक्की काफी परेशान था और उसने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उसके बेटे को नशे की दलदल में धकेल रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर आरोपियों ने उसके बेटे को निशाना बनाने के बजाय लक्की ठाकुर की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।