सिर्फ सीटों के बंटवारे के लिए हुआ अकाली-भाजपा गठबंधन, पंजाब के पानी, चंडीगढ़, बंदी सिखों और पंजाबी भाषी क्षेत्रों के मुद्दों को अकाली दल ने छोड़ा: सुखपाल सिंह खैहरा

The Akali-BJP alliance was formed solely for seat-sharing; the Akali Dal has abandoned issues concerning Punjab's river waters, Chandigarh, the release of Sikh prisoners, and Punjabi-speaking areas, says Sukhpal Singh Khaira.

by Sandeep Verma
0 comment
Trident News
Trident News Trident News

जालंधर : अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के चेयरमैन एवं विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय जालंधर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अकाली-भाजपा गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह गठबंधन पूरी तरह राजनीतिक मौकापरस्ती और मजबूरी का समझौता है। दोनों पार्टियों ने केवल सीटों के बंटवारे को ध्यान में रखकर हाथ मिलाया है, जबकि पंजाब के असली मुद्दों और अधिकारों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अकाली दल कभी पंजाब के अधिक अधिकारों और संघीय ढांचे की मजबूती की बात करता था, लेकिन आज उसी भाजपा के साथ गठबंधन कर रहा है, जो लगातार राज्यों के अधिकारों को कमजोर कर रही है।

सुखपाल खैहरा ने कहा कि अकाली दल को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उसने भाजपा के सामने पंजाब के अधिकारों से जुड़े अपने पुराने स्टैंड को छोड़ दिया है? क्या अब उसे पंजाबी भाषी क्षेत्रों को पंजाब में शामिल करवाने, पंजाब के पानी के साथ हुए भेदभाव, बंदी सिखों की रिहाई, बीबीएमबी पर पंजाब के अधिकार और चंडीगढ़ पर पंजाब के दावे जैसे अहम मुद्दे याद नहीं रहे? उन्होंने कहा कि चंडीगढ़, जो पंजाब की राजधानी है, वहां आज भी हरियाणा का प्रभाव और कब्जा लगातार बढ़ रहा है। पंजाब के पानी के मामले में राज्य के साथ अन्याय हुआ है और उसके अधिकार छीने गए हैं। इन सभी गंभीर मुद्दों को दरकिनार कर अकाली दल ने भाजपा के साथ केवल चुनावी सीटों और सत्ता के लिए समझौता कर लिया है।

उन्होंने कहा कि अकाली दल एक क्षेत्रीय पार्टी है, जिसकी राजनीतिक विचारधारा राज्यों को अधिक अधिकार देने और मजबूत संघीय ढांचे पर आधारित रही है। लेकिन भाजपा की राजनीति लगातार सत्ता के केंद्रीकरण की रही है। जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त कर उसे केंद्र शासित प्रदेश में बदलना इसका बड़ा उदाहरण है। इसी तरह ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अवधारणा भी सत्ता के केंद्रीकरण की दिशा में एक कदम है। खैहरा ने अकाली दल से सवाल किया कि क्या उसने यूजीसी के मुद्दे और राज्यों के अधिकारों से जुड़े मामलों पर भी भाजपा के सामने अपना स्टैंड छोड़ दिया है? उन्होंने कहा कि जिस भाजपा ने नीतीश कुमार की पार्टी, शिवसेना और अन्य क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को कमजोर करने और अपने अधीन करने का काम किया, वही भाजपा भविष्य में अकाली दल को भी निगल जाएगी।

खैहरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने कहा है कि दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशा खत्म कर दिया जाएगा, बशर्ते भाजपा को पंजाब की सत्ता मिल जाए। उन्होंने कहा कि यह गृह मंत्री की बेहद घटिया राजनीति है और पंजाब के लोगों के साथ बड़ा मजाक है। अगर केंद्र सरकार के पास नशा खत्म करने की नीति और इच्छाशक्ति है, तो उसे अभी कार्रवाई करनी चाहिए। नशे के खिलाफ लड़ाई को सत्ता हासिल करने की शर्त से जोड़ना पंजाब के साथ अन्याय है। उन्होंने अकाली दल से पूछा कि क्या वह अमित शाह के इस बयान से सहमत है और क्या उसने भाजपा के सामने पंजाब में नशे के मुद्दे पर भी कोई सवाल नहीं उठाया?

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए खैहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बाढ़ के दौरान मुर्गियों और बकरियों के नुकसान पर मुआवजा देने की बातें करते रहे, लेकिन असली बाढ़ पीड़ित किसानों और आम लोगों को आज तक उनका पूरा मुआवजा नहीं मिला।

खैहरा ने धान खरीद में करीब 5,000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लगभग 1,500 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर धान खरीदकर उसे पंजाब के खरीद कोटे में शामिल किए जाने का मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे खेल के कारण पंजाब के किसानों को प्रति क्विंटल लगभग 1,000 रुपये तक का नुकसान हुआ है और किसानों की मेहनत की कमाई लूटी गई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार खरीद पूरी होने का दावा कर रही है, दूसरी तरफ मंडियों में लाखों बोरियां पड़ी हैं। इस मामले में शेर सिंह गोबाया ने नोटिस जारी कर सरकार से पूरा ब्यौरा मांगा है। इसी तरह किसानों को फसल की खरीद में प्रति क्विंटल 200 से 300 रुपये तक का चूना अलग से लगाया गया है। सरकार ने 180 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य पूरा होने का दावा करके 31 अक्टूबर से खरीद बंद कर रखी है, जबकि मलोट मंडी में करीब पांच लाख बोरियां धान की पड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के किसानों के अधिकारों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। किसानों की फसल पर जो कटौती की गई है, उसकी भरपाई सरकार को करनी चाहिए और किसानों को उनका पूरा भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के हितों की रक्षा करने के बजाय सरकार ने दलालों और माफिया के साथ मिलकर पंजाब की कृषि व्यवस्था का शोषण होने दिया है।

उन्होंने पंजाब के सिखों और पंजाबियों से अपील की कि भाजपा के राजनीतिक मंसूबों को गंभीरता से समझें। उन्होंने कहा कि भाजपा छोटी क्षेत्रीय पार्टियों को अपने साथ जोड़कर धीरे-धीरे उन्हें कमजोर कर देती है। पंजाब के लोग केवल चुनाव के समय किए जाने वाले वादों और गठबंधनों से गुमराह न हों। भाजपा की राजनीति का असर उन राज्यों में देखा जा सकता है, जहां अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों को निशाना बनाने वाली नीतियां अपनाई जा रही हैं। चाहे बुलडोजर नीति हो या मॉब लिंचिंग की घटनाएं, पंजाब को ऐसी विभाजनकारी राजनीति से सावधान रहने की जरूरत है।

इस मौके पर जिला कांग्रेस प्रधान राजिंदर बेरी, पंजाब किसान कांग्रेस के प्रधान रणजीत सिंह मिट्ठा, जिला अमृतसर के प्रधान परमप्रीत सिंह साबी, मोगा के जिला प्रधान गुरबीर सिंह गोगा, होशियारपुर प्रधान अमरजीत सिंह और कपूरथला जिला प्रधान कुलबीर सिंह के अलावा कांग्रेस नेता जगदीप सिंह सोनू संधर व अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News
Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News Trident News

You may also like

Leave a Comment

2022 The Trident News, A Media Company – All Right Reserved. Designed and Developed by iTree Network Solutions +91 94652 44786

You cannot copy content of this page