

जालंधर : पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने दोआबा के एनआरआई भाईयों से पंजाब को बचाने की मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि वे कम से कम एक महीना पंजाब को दें और अपने-अपने विधानसभा हलकों में कांग्रेस के विधायकों को जिताकर जाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है और प्रदेश को मौजूदा हालात से बाहर निकालने के लिए सभी पंजाबियों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने यह अपील विधानसभा हलका आदमपुर के गांव भट्टियां में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए की।
सरदार परगट सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में पंजाब नशों, गैंगस्टरवाद और बिगड़ती कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। प्रदेश में हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग अपने घरों, गलियों, मोहल्लों और गांवों में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। सरकार ने पंजाब को पुलिस राज में बदल दिया है और सामाजिक भाईचारे को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है, जबकि दूसरी तरफ बदलाव के नाम पर चुने गए पंजाबी विधायक भी जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने पंजाब के हितों को दिल्ली के हाथों में सौंप दिया है।
परगट सिंह ने कहा कि दोआबा के लोगों ने काफी हद तक पंजाब के हितों की रक्षा की, लेकिन मालवा में बदलाव के नाम पर ऐसा राजनीतिक प्रयोग किया गया, जिसका खामियाजा आज आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोगों पर 20-20 पुलिस केस दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब को बचाने के लिए अब जोश के साथ होश और एकजुटता की भी जरूरत है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंजाब में भाजपा सत्ता में आती है या आम आदमी पार्टी दोबारा सरकार बनाने में सफल होती है तो प्रदेश को मौजूदा नुकसान से भी दोगुना नुकसान उठाना पड़ सकता है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के भविष्य, आपसी भाईचारे और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने के लिए लोगों को सोच-समझकर फैसला लेना होगा। एनआरआई समुदाय से विशेष अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे साल में कम से कम एक महीना पंजाब के लिए निकालें। अपने गांव, जिले और विधानसभा हलके में पहुंचकर लोगों को जागरूक करें और पंजाब के हित में सही राजनीतिक फैसला लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनाव जीतने की लड़ाई नहीं, बल्कि पंजाब की पहचान, भाईचारे और भविष्य को बचाने की लड़ाई है।
इस मौके पर सरदार परगट सिंह ने आदमपुर से विधायक सुखविंदर सिंह कोटली को दोबारा जिताने और पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। इस अवसर पर जिला देहाती कांग्रेस प्रधान एवं विधायक हरदेव सिंह लाडी भी मौजूद थे।