


जालंधर : जिला प्रशासन द्वारा ‘साढ़े बुजुर्ग साढां मान’ अभियान की शुरुआत 16 फरवरी को स्थानीय रेड क्रॉस भवन में जिला स्तरीय स्वास्थ्य एवं जागरूकता कैम्प के साथ की जा रही है।जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार ने इस संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय कैम्प में बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच के अलावा ऑर्थो तथा आंखों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। बुजुर्गों के साथ स्वास्थ्य संभाल संबंधी जानकारी साझा करने के साथ-साथ कैम्प के दौरान बुजुर्गों की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा।उन्होंने बताया कि कैम्प के दौरान कानूनी सेवाएं प्राधिकरण द्वारा कानूनी जागरूकता तथा बैंकों द्वारा बुजुर्गों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी अवगत करवाया जाएगा।उन्होंने आगे बताया कि इस अभियान के तहत 16 मार्च 2026 तक जिले में विभिन्न स्थानों पर विशेष कैम्प लगाए जाएंगे, जिनमें स्वास्थ्य जांच के अलावा बुजुर्गों की बेहतरी के लिए अन्य गतिविधियां भी करवाई जाएंगी।उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि अपने घरों एवं आस-पास रहने वाले बुजुर्गों को इस अभियान के तहत लगाए जा रहे स्वास्थ्य एवं जागरूकता कैम्प में अधिक से अधिक संख्या में लेकर आएं ताकि वे इन सुविधाओं का पूरा लाभ ले सकें तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें।

