
जालंधर : भारत के चुनाव कमिश्नर डा. एस.एस. संधू ने आज यहां प्री एस.आई.आर. मैपिंग की प्रगति का विस्तारपूर्वक जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब अनिंदिता मित्रा भी मौजूद रही।यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी जालंधर डा. हिमांशु अग्रवाल, डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी कपूरथला अमित कुमार पंचाल तथा दोनों जिलों के ई.आर.ओ. के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए चुनाव कमिश्नर ने कहा कि वोटर सूचियों को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है।उन्होंने जालंधर और कपूरथला जिलों में चल रही प्री एस.आई.आर. मैपिंग का जायजा लेते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रोजाना आधार पर प्री एस.आई.आर. मैपिंग की समीक्षा की जाए ताकि किसी भी प्रकार की देरी या कमी को तुरंत दूर किया जा सके। उन्होंने कम मैपिंग वाले पोलिंग बूथों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश भी दिया।उन्होंने विधानसभा क्षेत्र अनुसार प्री एस.आई.आर. मैपिंग की समीक्षा करते हुए मैपिंग से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने ई.आर.ओ. को निर्देश दिया कि इस महत्वपूर्ण काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इसके अलावा जिन बी.एल.ओ. की कार्यक्षमता कम है, उनसे संपर्क करके उन्हें प्रेरित किया जाए ताकि मैपिंग में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सके।चुनाव कमिश्नर ने कहा कि पंजाब को अपने हौसले, हिम्मत और उद्यमी सोच के लिए जाना जाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्री एस.आई.आर. मैपिंग के काम में भी राज्य अग्रणी बनकर उभरेगा।मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब अनिंदिता मित्रा ने बताया कि राज्य में प्री एस.आई.आर. गतिविधि के तहत कुल वोटरों में से 72.26 प्रतिशत की सफलतापूर्वक मैपिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से प्री एस.आई.आर. मैपिंग की नियमित समीक्षा की जा रही है और जिला चुनाव अधिकारियों को भी पोलिंग बूथ अनुसार निगरानी सुनिश्चित बनाने के लिए कहा गया है।इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर के अलावा जालंधर और कपूरथला जिलों के ई.आर.ओ. मौजूद थे।