
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने और आपातकालीन स्थिति में पुलिस की पहुंच को तेज बनाने के उद्देश्य से जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पंजाब सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई 16 नई हाई-टेक गाड़ियों को आज आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (ERS) – डायल 112 हेल्पलाइन में शामिल किया गया। जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने पुलिस लाइन कमिश्नरेट जालंधर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शहरवासियों की सेवा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उनके साथ डीसीपी (HQ) परमिंदर सिंह हीर, एडीसीपी (Inv.) जयंत पुरी और एसीपी (HQ) मनमोहन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। यह नई गाड़ियां केवल वाहन नहीं, बल्कि चलते-फिरते मिनी कंट्रोल रूम हैं। इनकी विशेषताएं निम्नलिखित हैं प्रत्येक गाड़ी में टैबलेट (कंप्यूटर सिस्टम), वायरलेस कम्युनिकेशन सेट और अन्य आधुनिक संचार प्रणालियां लगी हैं। मौके पर प्राथमिक उपचार के लिए गाड़ियां फर्स्ट-एड किट से लैस हैं।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग: इन सभी वाहनों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जोड़ा गया है, जहां से अधिकारी इनकी लोकेशन को ट्रैक कर सकेंगे और आवश्यक निर्देश दे सकेंगे। इन 16 गाड़ियों को शहर के जोन-1 और जोन-2 के विभिन्न थानों के अंतर्गत तैनात किया गया है। हर गाड़ी के लिए एक निश्चित बीट एरिया और ‘हाल्टिंग पॉइंट’ तय किया गया है। प्रत्येक गाड़ी पर 4-4 पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो दिन-रात शिफ्टों में पेट्रोलिंग, चेकिंग और इमरजेंसी कॉल पर प्रतिक्रिया देंगे। ये वाहन न केवल अपराध पर नियंत्रण करेंगे, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने में भी मदद करेंगे।समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने तैनात पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपनी ड्यूटी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कमिश्नरेट पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।