
जालंधर : स्वर्ण मंडित श्री देवी तालाब मंदिर परिसर में विराजमान सिद्ध शक्तिपीठ श्री विश्वमुखी माँ त्रिपुरमालिनी जी का पावन मेला बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का विशेष आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।इस दौरान अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल अपने परिवार सहित मंदिर पहुंचे और माँ त्रिपुरमालिनी जी के चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि माँ त्रिपुरमालिनी का दरबार असीम आस्था और शक्ति का प्रतीक है, जहां सच्चे मन से की गई हर प्रार्थना अवश्य पूरी होती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक मेले हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखते हैं तथा समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं।
अश्वनी अग्रवाल ने आगे कहा कि इस पावन अवसर पर सभी को मिलकर समाज की भलाई, क्षेत्र की उन्नति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कामना की कि माता रानी की कृपा से क्षेत्र में सदैव खुशहाली और शांति बनी रहे।उन्होंने यह भी कहा कि श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी द्वारा मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं अत्यंत सराहनीय हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही तथा साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।कार्यक्रम का समापन माता रानी की आरती और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण के साथ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।