
जालंधर : पंजाब सरकार द्वारा नशे को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू की गई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत जिला प्रशासन द्वारा ए.पी.जे. स्कूल के सहयोग से आयोजित की जा रही ‘साइकिलोथान 4.0’ 18 अप्रैल को सुबह 6 बजे रवाना होगी।डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया द्वारा आज साइकिलोथान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में इस संबंध में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि साइकिलोथान के रूट पर उचित ट्रैफिक व्यवस्था, मोड़ों पर साइनेज, पीने के पानी की व्यवस्था, आवश्यक मैडिकल टीमों तथा एंबुलेंस की तैनाती आदि सहित अन्य जरूरी इंतजाम पुख्ता होने चाहिए, ताकि साइकिलोथान में भाग लेने वालों को कोई असुविधा न हो।इस मौके पर एडीसी (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. तथा ए.डी.सी. (शहरी विकास) तेजदीप सिंह सैणी भी मौजूद थे। वालिया ने कहा कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ पहल के तहत करवाई जा रही गतिविधियों के हिस्से के तौर पर यह आयोजन किया गया है। राज्य सरकार की नशे को जड़ से खत्म करने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से नशे के खिलाफ एक मजबूत जन लहर खड़ी करना और युवाओं को नशा मुक्त स्वस्थ जीवन शैली की ओर प्रोत्साहित करना है।उन्होंने नशे के खिलाफ एकजुटता का आह्वान करते हुए जालंधर वासियों से साइकिलोथान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि साइकिलोथान तीन श्रेणियों में आयोजित की जा रही है 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर। इसकी शुरुआत स्थानीय ए.पी.जे. स्कूल, मॉडल टाउन (गीता मंदिर के पास) से सुबह 6 बजे होगी। समारोह के दौरान नशों के खिलाफ शपथ भी दिलाई जाएगी।21 किलोमीटर साइकिलोथान ए.पी.जे. स्कूल मॉडल टाउन से शुरू होकर गीता मंदिर, ई.डी. दफ्तर, बिट्टू परदेसी, शहीद मेजर कपिल विनायक चौक, ताज फास्ट फूड (अर्बन एस्टेट-2), हवेली-कयूरो रोड, व्हाइट डायमंड, सी.टी. शाहपुर कैंपस होते हुए वापस ए.पी.जे. स्कूल पर समाप्त होगी।इसी प्रकार 10 किलोमीटर साइकिलोथान उपरोक्त रूट तय करते हुए व्हाइट डायमंड से वापिस ए.पी.जे. स्कूल पर समाप्त होगी। जबकि 5 किलोमीटर साइकिलोथान भी इसी रूट से गुजरेगी और ताज फास्ट फूड से वापिस ए.पी.जे. स्कूल पर समाप्त होगी।बैठक में एस.डी.एम. नवदीप सिंह तथा एस.डी.एम. शायरी मल्होत्रा के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी और ए.पी.जे. स्कूल के प्रिं. डॉ. राजेश चंदेल, रैड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सुरजीत लाल भी मौजूद थे।