
जालंधर : भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर के अध्यक्ष सुशील शर्मा की अध्यक्षता में भाजपा के शिष्ट मंडल ने सिविल अस्पताल जालंधर में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर सिविल सर्जन डॉ. नमिता घई को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने अस्पताल में व्याप्त कमियों को तुरंत दूर कर जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि सिविल अस्पताल में डायलिसिस मशीनें बंद पड़ी हैं। जहां मरीजों का इलाज होना चाहिए, वहां कई वार्ड बंद पड़े हुए हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा अस्पताल परिसर के विभिन्न स्थानों पर कचरे के ढेर लगे होने की भी जानकारी सामने आई है, जो न केवल सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि मरीजों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन रहा है।भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि सिविल अस्पताल आम जनता के इलाज का प्रमुख केंद्र है, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि बंद पड़ी डायलिसिस मशीनों को तुरंत चालू किया जाए, जिससे कि आम जनता को राहत प्रदान की जा सके।वाटर कूलर दुरुस्त किए जाएं, गर्मी का मौसम है जहां मरीज और उनके साथ जो उनके रिश्तेदार आए हुए हैं वह बाहर से महंगा बोतल बंद पानी पीकर गुजारा कर रहे हैं।बंद पड़े वार्ड खोले जाएं और अस्पताल परिसर में लगे कचरे के ढेर तत्काल प्रभाव से साफ करवाए जाएं। साथ ही अन्य स्तरों पर लंबित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर जनता को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।उन्होंने सिविल सर्जन से आग्रह किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और सिविल अस्पताल में सुचारू रूप से स्वास्थ्य सेवाएं बहाल हो सकें। इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण देव भंडारी पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ भाजपा जिला जालंधर के पूर्व अध्यक्ष रमन पब्बी, जिला महामंत्री राजेश कपूर ,अशोक सरीन हिकी,जिला सचिव अमित भाटिया,अनुज शारदा, व अन्य उपस्थित थे