
जालंधर : डिवीजनल कमिश्नर जालंधर श्री रामवीर ने आज जनगणना-2027 के तहत ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की।डिवीजनल कमिश्नर ने नागरिकों से स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया बहुत ही आसान है। इस डिजिटल पहल के माध्यम से आम लोग घर बैठे ही आधिकारिक पोर्टल के जरिए जनगणना संबंधी अपने विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।सही और समय पर जानकारी देने के महत्व पर जोर देते हुए श्री रामवीर ने कहा कि योजना निर्माण और विकास गतिविधियों के लिए एक मजबूत डाटाबेस अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय जनगणना आंकड़े भविष्य में स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, कल्याणकारी योजनाओं, विकास नीतियों और अन्य बुनियादी ढांचे की योजना बनाने में बहुत महत्वपूर्ण होती है।उन्होंने नागरिकों को तकनीक आधारित इस प्रक्रिया को अपनाने और जनगणना में सक्रिय तौर पर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।डिवीजनल कमिश्नर ने कहा कि सभी निवासियों को इस सुविधा का लाभ उठाए और जनगणना-2027 की सफलता में पूरी निष्ठा के साथ योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनगणना में लोगों की व्यापक भागीदारी बहुत आवश्यक है और सभी नागरिकों को इस प्रक्रिया का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सक्रिय भागीदारी एक व्यापक और विश्वसनीय राष्ट्रीय डाटाबेस तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जो निर्णय लेने और भविष्य की योजना बनाने के लिए आवश्यक है।श्री रामवीर ने बताया कि जनगणना-2027 के लिए स्व-गणना प्रक्रिया 30 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और 14 मई 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद 15 मई से 13 जून 2026 तक गणनाकर्ता घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे।इस अवसर पर चार्ज अधिकारी- कम- सहायक कमिश्नर विक्रांत वर्मा, सुपरडेट अशोक वधावन तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।