
जालंधर : अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा निकाली जा रही शुक्राना यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी रोकने संबंधी कानून बनाना पंजाब सरकार का ऐतिहासिक और साहसिक फैसला है। अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लगातार जनहित के फैसले ले रही है और पंजाब में शांति, भाईचारे तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी समस्त मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी बेअदबी रोकने के लिए सख्त कानून लागू करना मुख्यमंत्री मान की दृढ़ इच्छाशक्ति को दशार्ता है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान पंजाब की संस्कृति, विरासत और धार्मिक भावनाओं की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। शुक्राना यात्रा इसी भावना का प्रतीक है, जिसके जरिए अकाल पुरख का धन्यवाद किया जा रहा है। अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हमेशा लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनी हैं और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह बनाया है। आज पंजाब के लोग मुख्यमंत्री मान की ईमानदार कार्यशैली और फैसलों पर विश्वास जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पंजाब में एकता, भाईचारे और धार्मिक सम्मान का संदेश देने का कार्य करेगी। अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शुक्राना यात्रा में शामिल होकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रयासों को समर्थन दें और पंजाब में अमन-शांति व भाईचारे को मजबूत बनाने में सहयोग करें।