

गोपाल गौधाम का भी किया दौरा, बेसहारा बच्चियों की भलाई और पढ़ाई-लिखाई के लिए किए जा रहे प्रयासो की सराहना की
फिल्लौर (जालंधर) : पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने अपने फिल्लौर इलाके के दौरे के दौरान सच्चखंड डेरा संत बाबा मेला राम, गांव नगर में नतमस्तक होकर मौजूदा गद्दी नशीन संत परमजीत दास जी का आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर चेयरमैन गढ़ी ने संतों द्वारा नगर के लोगों की भलाई संबंधी रखे गए मुद्दों को गौर से सुनते हुए उनका जल्द से जल्द उचित समाधान करवाने का भरोसा दिलाया। गांव के छप्पड़ के पानी की निकासी की समस्या पर कहा कि उन्होंने फरवरी महीने में इस मुद्दे का स्वतः संज्ञान लिया था और इस संबंध में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी से भी बात की है। उन्होंने कहा कि मामले संबंधी जल्द ही मौके का दौरा किया जाएगा। श्री गढ़ी ने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकारी कन्या हाई स्कूल, नगर का नाम श्रीमान 108 संत दर्शन दास जी के नाम पर करने और स्कूल को अपग्रेड करके सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनाने संबंधी संबंधित अथॉरिटीज से संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने सच्चखंड डेरा संत बाबा मेला राम द्वारा समाज सेवा, खासकर आम लोगों की भलाई और शैक्षिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि डेरे द्वारा मानवता के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्य प्रशंसनीय है। गढ़ी ने कहा कि उन्होंने आज फिल्लौर इलाके का दौरा क्षेत्र के एस.सी. भाईचारे समेत प्रत्येक वर्ग से संपर्क बनाकर उनकी समस्याएं हल करने के उद्देश्य से किया है।
इसके बाद जसवीर सिंह गढ़ी ने गोपाल गौधाम का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने श्री कृष्णा पिंगलवाड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट और गौधाम द्वारा गौ सेवा के साथ-साथ बेसहारा बच्चियों की भलाई और पढ़ाई-लिखाई के लिए किए जा रहे उपायों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नेक कार्य इन बच्चियों का भविष्य संवारने और उन्हें सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इस बात पर भी संतोष व्यक्त किया कि आज उन्हें शहर में भगवान शिव की 122 फुट ऊंची मूर्ति के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इसके बाद श्री गढ़ी संकटमोचन श्री हनुमान मंदिर में नतमस्तक होकर पंजाब वासियों की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर समाज सेवी अमृत भाखड़ी समेत अन्य भी मौजूद थे। गढ़ी ने गांव श्री माओ साहिब में बड़ी मीटिंग की, जिसमें माओ साहिब के अलावा खेहला, मीयोवाल और प्रतापपुर के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन से समन्वय करके इनका जल्द से जल्द समाधान करवाया जाएगा।
इसके बाद चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने गोराया के श्री गीता भवन में शहर की सफाई सेवक यूनियन के साथ मीटिंग की और उनकी मांगों तथा मुद्दों को विस्तार से सुना। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों की सफाई व्यवस्था की रीढ़ की हड्डी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है। उन्होंने कहा कि सफाई सेवक यूनियन की जायज मांगों को मुख्यमंत्री पंजाब तक पहुंचाया जाएगा ताकि उनका जल्द से जल्द समाधान करवाया जा सके।
इस उपरांत गढ़ी पंजाब के प्रसिद्ध गीतकार और लेखक श्री चन्न गोराया जी के घर पहुंचे और उनके देहांत पर परिवार के साथ दुख साझा किया। उन्होंने श्री चन्न गोराया की श्री गुरु रविदास जी महाराज की महिमा और समाज को सही दिशा देने वाली रचनाओं को याद करते हुए उनके परिवार के साथ हर दुख-सुख में साथ देने का आश्वासन दिलाया।